Wednesday, 30 August 2017

खु़दाया खै़र करे
______________
जब दिल के बंधन खुलते हैं
खुश्बू के रस रस घुलते हैं
तू याद बहुत ही आता है
अनजाने में तड़पाता है
तेरी यारा ऐसी लत लागी
मैं कब सोई और कब जागी
तू काहे मुझसे बैर करे
मेरे अंदर अंदर सैर करे
तेरा यार खु़दाया खै़र करे
तेरा यार खु़दाया खै़र करे।
__कमला सिंह "जी़नत"

Wednesday, 23 August 2017

ग़ज़ल हाज़िर है 
==============
जो   ज़बानो   -ब्यान   वाले   हैं 
बस    वही   दास्तान   वाले   हैं 

बालों पर की ख़बर नहीं जिनको 
पूछिए    तो    उड़ान   वाले    हैं 

शैख़  शजरा  दिखा  के कहता है 
हम  ही  बस  आन बान  वाले हैं 

बोझ  अपना भी जो उठा न सके 
फ़क्र    है   खानदान    वाले   हैं 

जो   गरीबों   का   खून  पीते थे 
आज   वह   दरम्यान   वाले  हैं 

'ज़ीनत'  सुन  रंगो-बू-जुदागाना 
अपनी  अपनी   दूकान  वाले हैं 
--कमला सिंह 'ज़ीनत'

Thursday, 17 August 2017

मेरी एक ग़ज़ल देखें 
--------------------
आग दिल में लगाने से क्या फ़ायदा 
अपना ही घर जलाने से क्या फ़ायदा 

जब परिंदे ना चहकेंगे कल शाख पर 
इस चमन को बचाने से क्या फ़ायदा 

इल्म के साथ हासिल न हो अक्ल तो 
बे -वजह  फैज़ पाने से  क्या फ़ायदा 

आज तो  हम तुम्हारे मुक़ाबिल नहीं 
अब  हमें  आज़माने से क्या  फ़ायदा  

आँख  बरसे   नहीं , रूह  तड़पे  नहीं 
यूँ ग़ज़ल गुनगुनाने से क्या फ़ायदा 

बेरुखी ऐसी  'ज़ीनत' उन आँखों में है 
बेसबब आने- जाने  से क्या फ़ायदा 
---कमला सिंह 'ज़ीनत'

Tuesday, 15 August 2017

एक ग़ज़ल देखें 
-----------------------
क़िस्मत का मेरे यारों जब टूटा सितारा था 
इक  मेरे  सहारे  को  बस  मेरा  खुदारा था 

गर्दिश ने जो घेरा तो कुछ काम  नहीं आया 
कहने  के लिए यूँ तो  कश्ती  का सहारा था 

हम  सब्र से  बैठे  थे चीख़ा ना  गुज़ारिश की 
सर काट के ज़ालिम भी मज़लूम से हारा था 

हर शब् को उतरते थे हम पर ही कई आफ़त 
मुश्किल  की  घटाएँ  थीं घर एक हमारा था 

हर हाल में बस 'ज़ीनत ' हम ज़ेर रहे दम तक 
कोई   ना  सहारा  था  ,कोई  ना  हमारा  था 
----कमला सिंह ' ज़ीनत'