Sunday, 19 July 2015

मेरी एक ग़ज़ल आप सबके हवाले 
----------------------------------------
ग़ज़ल सुनने वाले ग़ज़ल सुन हमारा 
इसे   फ़िक्र   के   आसमाँ  से  उतारा 

हमारी  ग़ज़ल  में  है  खुशबू  हमारी 
किसी  ने न  परखा  किसी ने सँवारा 

मेरा लहजा नाजुक  है फिर भी ऐ यारों 
हर  इक  शेर  पत्थर जिगर  पे उभारा 

मैं  सहारा  की  तपती  हुई  रेत पर हूँ 
वही   रेत   दरिया , वही   है   नज़ारा
 
ज़माने   से  लड़ती  चली  आ  रही  हूँ 
यही  हाल  अपना ,यह किस्सा हमारा 

ऐ  'ज़ीनत' नहीं दम  कि  आवाज़ दूँ मैं 
मोसल्सल   रहे  दम  उसे  है  पुकारा 
----- 'कमला सिंह 'ज़ीनत'

Friday, 17 July 2015

खुद को इस तौर पे सताती हूँ
नींद आखों से मैं उड़ाती हूँ
उसकी यादों की कश्तियाॅ लेकर
बस ख्यालों में डूब जाती हूँ


इस तरह दिल में वो उतर जाए
अपनी यादें लिए गुज़र जाए
उसको सोचूँ तो जी बहलने लगे
ऐसी जादूगरी वो कर जाए
एक शेर
लाशों का शहर भर में बाज़ार लगा देगा
दहशत का फरिश्ता है कोहराम मचा देगा

एक शेर
कत्ल की मेरी ही सुनवाई है
आज मुंसिफ बना कसाई है

एक शेर
जिसे जो चाहिए लेले कोई हाजत नहीं मुझको
मैं बचपन जी रही हूँ मेरा गुड्डा साथ रहने दे

Tuesday, 14 July 2015

मेरी  एक ग़ज़ल आप सबके  हवाले 
*********************************
जब उसकी सिम्त पत्थर देखता है 
गुमाँ  करता   है  रहबर  देखता  है  

नहीं  अल्लाह पर जिसको भरोसा 
वही    मनहूस   दर-दर  देखता  है 

नहीं  मालूम  कतरे  को  हक़ीक़त 
उसे  भी  इक  समुन्दर   देखता है 

कोई 'जमशेद ' का  सागर न  रखे 
मगर सब कुछ सुख़नवर देखता है 

जिसे  आता  नहीं  परवाज़  करना 
परिंदों  को  नज़र  भर   देखता  है 

तुम्हें 'ज़ीनत' सुनो इस अंजुमन में 
नज़र वाला  ही   बेहतर  देखता  है 
----कमला सिंह 'ज़ीनत'

Friday, 3 July 2015

एक ग़ज़ल आप सबके हवाले 
--------------------------------------
वो   भी    मेरे  जैसा  पागल 
जो  चुपचाप   है  बैठा पागल 

दुनिया  झूठी  लगती   सारी 
 लगता  है   वो सच्चा पागल 

मुझसे  आगे  पूछते  क्यूँ  हो 
बाद मिलन के किस्सा पागल 

कश्ती  मैं   पतवार  बना  वो 
देख  के  सारा  दरिया पागल 

कोई  क्या  जाने   मैं  क्या  हूँ 
मुझको सिर्फ वो समझा पागल 

'ज़ीनत  'ज़ीनत'  रटते रटते 
खूब  चलाता  चरखा  पागल 
------कमला सिंह 'ज़ीनत'  

Wednesday, 1 July 2015

एड़ी मसल रही थी , मैं प्यास मल रही थी
इक आग लग चुकी थी, और मैं पिघल रही थी
जोश-ए- जुनूँ की हद ने , पागल बना दिया जब
साहिल को रौंद कर मैं ,पानी पे चल रही थी
मुझे देखे से ही बे - नूर हो कर
न जाने किस जहाँ में खो गया वो
क़सम देकर कहा कि मुस्कुराओ
फिर उसके बाद पागल हो गया वो
कमला सिंह 'ज़ीनत'