Saturday, 22 August 2015

एक शेर
कुछ बचे हैं वो अपने ग़म दे दे
मैंने कब मांगा था मरहम दे दे

Wednesday, 19 August 2015

एक अमृता और...( भाग-2)
____________________________
आज रात भी एक तूफान उठा था
यादों के समुन्दर में
ज़ोरदार हलचल मची हुई थी
गीला गीला पड़ा था
सारा का सारा मंज़र
सर से पांव तक नमी ही नमी पसरी थी
और बिखरा पड़ा था वजूद
सब कुछ अलसाया, बेजान
पल पल यादों की कतरनें बटोरती मैं
लहूलहान थी रात भर
ख़्वाबों वाली अलमारी खुली पड़ी थी
समुन्दर की बेलगाम लहरें
बहा ले गईं सब कुछ
मेरे हिस्से की वो हर रात गवाह है
लो देखो मेरी मुट्ठी में क्या है
यह ख़राशें
कुछ कतरनों को बचाने की ललक में उभरी हैं
ज़रा सूरज को बुलाते आना
तुम भी साथ ही आना
इश्क़ की अलगनी पर टांग दिया है मैंने
बची बचाई यादों की कतरनें
यह ख़ज़ाना तुम्हारा है
यह दौलत तुम्हारी है।
कमला सिंह 'ज़ीनत'

Thursday, 13 August 2015

मेरी एक ग़ज़ल पेश है 
-----------------------------
ज़िंदगी   मैंने  गुज़ारी  है  सुराबों  की  तरह 
मैं  चटकती  रही  मानिंद  हुबाबों  की  तरह 

बेनियाज़ी  का  अलम देखिये  इस  दर्जा   है 
मुझको बे ज़ौक वो पढ़ता है किताबों की तरह 


शुक्र  करती  हूँ मैं पर मेरा  मुक़द्दर कुछ और 
ग़म  उतरता  है  शबो-रोज़  अज़ाबों  की तरह 

खूबसूरत    लिए   अंदाज़   कई   रंगत    में 
मुझसे तोहमात लिपटते हैं  हिजाबों  की  तरह 

रौनके खुश  लिए  आता है जो  अपना बनकर 
सुब्हे -दम  टूटने लगता है वो ख़्वाबों की  तरह 


यूँ तो 'ज़ीनत' तेरी क़िस्मत को है करना बदनाम 
ज़ाहिरन   मेरी  लकीरें   हैं   सवाबों  की    तरह 
-----कमला सिंह 'ज़ीनत'

Monday, 10 August 2015

मेरी एक ग़ज़ल हाज़िर है 
----------------------------------
गीत  जैसा  है  वो  गुंजन  जैसा 
मिस्ले खुशबू है वो चन्दन जैसा 

एक  रिश्ता  अजीब  है  उससे 
मुझमें  रहता है वो बंधन जैसा 

लिपटा  रहता  है  वो  कलाई से 
और खनकता  है वो कंगन जैसा 

उसके होने का है एहसास मुझे 
मेरे  होठों  पे  है  चुम्बन  जैसा 

बेखुदी   में    मुझे  भिगोता   है 
वो बरस  जाता  है सावन  जैसा

उससे 'ज़ीनत' बहुत है प्यार मुझे 
दोस्त लगता है वो बचपन जैसा  
---कमला सिंह 'ज़ीनत'

Saturday, 8 August 2015

'एक अमृता और' की एक नज़्म 
'बोलो न कैसे लिखूं'
--------------------------------
मेरे सारे ख़्याल 
इबादत को तैयार हैं  हाथ बांधे 
कागज़ की मखमली चादर पर 
ख़्यालों की सफ़बंदी   है 
क़लम की नियत में बस तू 
लगातार मैं और तू के बीच 
गुज़र रही है एक सनसनी 
सिहरन सी सलवटों में 
टूट रही हूँ मैं 
टुकड़े-टुकड़े ,हिस्से-हिस्से 
बिखरी पड़ी हूँ मैं 
इस गहराई को कैसे लिखूं 
बहुत तूल है इसके अंदर 
बोलो न कैसे लिखूं 
बोलो न कैसे लिखूं 
----कमला सिंह 'ज़ीनत'

Wednesday, 5 August 2015

मेरी एक ग़ज़ल आप सबके हवाले 
----------------------------------
खूबसूरत   कोई    रिश्ता रखिये 
कुछ तो इंसानियत ज़िंदा रखिये 

वक़्त  के  साथ  सब  फ़ना  होंगे 
ख़ुद को जैसे भी हो लिखता रखिये 

लोग  आएंगे  कई  कल  के साथ 
मख़मली खुशनुमा रिश्ता रखिये 

रूह  निकलेगी  कब किसे मालूम
हो  सके  कारवाँ  चलता   रखिये 

महफ़िलों  में  सुख़नवरों  के साथ 
आप  भी आपको  दिखता रखिये  

शोख़ कलियों में आप भी 'ज़ीनत' 
ज़िंदगी  भर यूँ  ही महका रखिये 
----कमला सिंह 'ज़ीनत'
ख्वाहिशें ये नहीं कि याद करे फिक्र है हिचकियाँ नहीं आतीं
वो जहाँ भी रहे सलामत हो लौट कर तितलियाँ नही आती
---कमला सिंह 'ज़ीनत'